सुभासपा के टिकट पर जौनपुर से लड़ेंगे बाहुबली धनंजय सिंह!
गाजीपुर। माफिया डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद सुर्खियों में आए पूर्व सांसद बाहुबली धनंजय सिंह की पूरी कोशिश है कि वह इस बार भी लोकसभा चुनाव में जौनपुर सीट से किस्मत आजमाएं। हालांकि इसके लिए उन्हें कोई अदद पार्टी की दरकार है। शुरू में वह अपनी पुरानी पार्टी बसपा में संभावनाएं तलाशे। बात नहीं बनी तब भाजपा का रूख किए। बताते हैं कि इसके लिए उन्होंने माफिया डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या में खुद की संलिप्तता के लगे आरोप को भी भुनाने की कोशिश की थी लेकिन यहां भी उनको निराशा ही मिली। बावजूद वह उम्मीद नहीं छोड़े हैं। अंडरवर्ल्ड और राजनीतिक क्षेत्र से मिल रही खबरों के मुताबिक धनंजय सिंह भाजपा की हमजोली पार्टी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) में अपने लिए संभावनाएं तलाश रहे हैं। सुभासपा के एक जिम्मेदार नेता ने अपनी पहचान न बताने की शर्त पर बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पक्का भरोसा दिया है कि भाजपा उनकी पार्टी के लिए दो सीट छोड़ेगी। वैसे तो सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा से कुल पांच सीटें अपने लिए मांगी है। इनमें घोसी (मऊ) के अलावा जौनपुर सीट भी शामिल है। जौनपुर सीट के पीछे पूर्व सांसद धनंजय सिंह हैं। वह इसके लिए पीछले कई माह से सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के संपर्क में हैं। इस क्रम में पीछले साल ओमप्रकाश राजभर के बड़े बेटे के विवाह समारोह में भी धनंजय सिंह शामिल हुए थे। फिर लखनऊ स्थित ओमप्रकाश राजभर के सरकारी आवास पर भी कई बार धनंजय सिंह उनसे मिल चुके हैं। चर्चा है कि भाजपा के एक राष्ट्रीय कद के नेता धनंजय सिंह को यह भरोसा दिए हैं कि वह सुभासपा के टिकट पर चुनाव लड़े तो उनके समर्थन में भाजपा के भी स्टार नेता चुनावी सभाएं करेंगे।
…पर उम्मीदवार एक नहीं स्टार प्रचारक 30
गाजीपुर। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का मामला भी कम रोचक नहीं है। हाल फिलहाल न उसके उम्मीदवारों का पता है न निर्वाचन क्षेत्र का। बावजूद पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। कुल 30 नाम हैं। उनमें राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर सबसे ऊपर हैं। साथ ही गाजीपुर के तीन नेताओं का नाम भी शामिल है। जखनियां विधायक त्रिवेणी राम, जिलाध्यक्ष कै. रामजी राजभर व राष्ट्रीय संगठन मंत्री सालिक यादव हैं। पार्टी की ओर से भेजे गए मुख्य निर्वाचन आयुक्त को इस आशय की चिट्ठी में यह भी बताया गया है कि स्टार प्रचारकों का उत्तर प्रदेश के साथ ही बिहार के संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में भी दौरा लगेगा।