…तब भाजपा को लेकर ओमप्रकाश राजभर लेंगे कोई कड़ा फैसला!
गाजीपुर । लोकसभा चुनाव में गठजोड़ को लेकर भाजपा से प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर का मन खटास है। हैरानी नहीं कि वह भाजपा के लिए कोई कड़ा फैसला लें। उन्होंने 15 अप्रैल की सुबह दस बजे रसड़ा (बलिया) में अपनी पार्टी की कार्यकारिणी की आपत बैठक बुलाई है। इस प्रस्तावित बैठक की पुष्टि पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बृजेश सिंह काकन ने भी की। हालांकि उन्होंने बैठक को लेकर और कुछ बताने से साफ मना कर दिया लेकिन राजनीतिक हलके में अंदाजा लगाया जा रहा है कि ओमप्रकाश राजभर भाजपा संग अपनी पार्टी की नीति पर पुनर्विचार कर सकते हैं। खबर तो यह भी मिली है कि श्री राजभर रविवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से मिलना चाहते थे लेकिन उन्हें समय नहीं मिला। उनको उम्मीद थी कि भाजपा कम से कम घोसी संसदीय सीट छोड़ेगी। चर्चा है कि भाजपा उसके लिए शर्त रख दी कि वह पहले प्रदेश सरकार का मंत्री पद छोड़ें फिर खुद चुनाव लड़ें। साथ ही उनका चुनाव निशान भाजपा का कमल रहेगा। बताया जा रहा है कि भाजपा की यह शर्तें ओमप्रकाश राजभर को मंजूर नहीं हैं। वह भाजपा के हाथों खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। संभव हो कि वह भाजपा से नाता तोड़ कर प्रदेश की अन्य संसदीय सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़ा करें।